हज कमेटी ऑफ इंडिया की भव्य इफ़्तार दावत शानदार अंदाज़ में संपन्न
संवाददाता - शाहिद आलम
मुंबई के हज हाउस में रूहानी माहौल, भाईचारे और एकता का खूबसूरत संगम
मुंबई, 26 फ़रवरी 2026 (बृहस्पतिवार):
भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से मुंबई स्थित हज हाउस के ग्राउंड फ्लोर हॉल में भव्य इफ़्तार पार्टी सह डिनर का शानदार आयोजन किया गया। रमज़ान-उल-मुबारक के इस पाक और बाबरकत मौके पर आयोजित कार्यक्रम रूहानियत, मोहब्बत और आपसी भाईचारे के जज़्बे से सराबोर रहा।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार शाम 6:15 बजे मेहमानों का इस्तक़बाल किया गया। ठीक 6:46 बजे इफ़्तार कराया गया, जिसके बाद 7:15 बजे डिनर का एहतिमाम किया गया। रोज़ादारों ने सामूहिक दुआओं के साथ इफ़्तार किया और मुल्क में अमन-ओ-अमान, तरक़्क़ी और खुशहाली के लिए हाथ उठाए।
यह इफ़्तार कार्यक्रम गंगा-जमुनी तहज़ीब और सामाजिक सौहार्द की बेहतरीन मिसाल बनकर सामने आया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़ी कई गणमान्य हस्तियों ने अपनी मौजूदगी से आयोजन की रौनक बढ़ाई।
इस अवसर पर हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ जनाब शहनवाज़ साहब की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष एवं हज कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी इब्राहीम शेख भाईजान ने अपनी पूरी टीम के साथ शिरकत की। उनके साथ प्रमुख रूप से एडिटर जफर सिद्दीकी, समाजसेवक ईरशाद काज़ी, हाजी रफीक शेख मौजूद रहे।
इसके अलावा जनाब अबू आसिम आज़मी, जनाब फारूक घीवाला, मुफ़्ती अनस, डॉ. खालिद, जनाब ज़ाहिर काज़ी, जनाब ज़का सिद्दीकी, बैंक अधिकारियों तथा अन्य गणमान्य हस्तियों की भी खास मौजूदगी रही, जिससे कार्यक्रम की शान और बढ़ गई।
हाजी इब्राहीम शेख भाईजान ने अपने संबोधन में कहा कि रमज़ान का महीना सब्र, तक़वा, इबादत, हमदर्दी और इंसानियत का पैग़ाम देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में मोहब्बत, एकता और भाईचारे को मजबूती मिलती है। उन्होंने देश में अमन, खुशहाली और तरक़्क़ी के लिए दुआ की।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी मेहमानों ने एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद पेश की और सामाजिक एकजुटता को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
रमज़ान-उल-मुबारक के इस पाक मौके पर आयोजित यह इफ़्तार दावत यक़ीनन अमन, इंसानियत और राष्ट्रीय एकता का पैग़ाम आम करने में पूरी तरह कामयाब रही।