पीसीसीएम/पूर्व रेलवे द्वारा भागलपुर एवं सुल्तानगंज स्टेशनों का निरीक्षण – यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन एवं टिकट जांच पर विशेष ध्यान
Malda, July 30, 2025 :
संवाददाता - शाहिद आलम
यात्रियों को बेहतर सेवाएँ एवं स्टेशन सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से *डॉ. उदय शंकर झा, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम), पूर्व रेलवे* ने आज (30.07.2025) *भागलपुर एवं सुल्तानगंज स्टेशनों* का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीसीसीएम/पूर्व रेलवे ने स्टेशन संचालन के वाणिज्यिक, विद्युत एवं अभियंत्रण संबंधी विभिन्न पहलुओं का गहन अवलोकन किया, जिसमें स्वच्छता, सर्कुलेटिंग एरिया की देखरेख तथा यात्री सूचना प्रणालियों की स्पष्टता शामिल थी। इस अवसर पर *मिस अंजन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM), मालदा* भी उनके साथ उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान उनके निर्देशन में टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने एवं रेलवे राजस्व की सुरक्षा हेतु गहन टिकट जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने प्लेटफार्म एवं कंकर्स एरिया में भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़-भाड़ के समय सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
इस निरीक्षण के दौरान बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं संकेतक जैसी यात्री सुविधाओं की उपलब्धता एवं सुधार पर विशेष बल दिया गया। जहाँ कहीं भी कमी पाई गई, वहाँ संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके।
यह निरीक्षण पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो सुरक्षित, कुशल एवं यात्री-हितैषी रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर निगरानी एवं सुविधाओं के उन्नयन पर केंद्रित है।








0 comments: